About

Pages

Monday, 28 November 2016

How to make Gulab Jamun in home

आवश्यक सामग्री - Materials for Gulab Jamun

    मावा (खोया) - 250 ग्राम  (1 1/4 कप)
    पनीर - 100 ग्राम (1/2 कप)
    मैदा (रिफाइन्ड फ्लोर ) - 20 - 30 ग्राम(2-3  टेबिल स्पून)
    काजू -  1 टेबल स्पून ( एक काजू के 8 टुकड़ों के हिसाब से काट लीजिये )
    किशमिश - टेबल स्पून
    चीनी - 600 ग्राम (3 कप)
    घी - गुलाब जामुन तलने के लिये

विधि - How to make Gulab Jamun in home

मावा, पनीर और मैदा को एक चौड़े और बड़े बर्तन में रखकर तब तक मलें जब तक कि वह नरम, चिकना गूथे हुये आटे जैसा न लगने लगे. गुलाब जामुन बनाने के लिये मावा तैयार है.

गुलाब जामुन तलने से पहले चाशनी बना कर तैयार कर लीजिये. चाशनी बनाने का तरीका नीचे दिया गया है. चाशनी तैयार हो गई है.

तैयार मावा से थोड़ा सा मावा ( करीब एक छोटी  चम्मच ) अंगुलियों की सहायता से निकालिये, उसे हथेली पर रखकर चपटा करके 3-4 काजू के टुकड़े और एक किशमिश उसमें भरने के लिये उसके ऊपर रखें. मावा को चारों ओर से उठा कर काजू किशमिश को मावा के अन्दर बन्द कर दीजिये, अब दोनों हथेलियों के बीच रख कर गोल करिये, मावा का गोला अच्छी तरह बन जाने के बाद प्लेट में रख लीजिये.  सारे गोले इसी तरह तैयार कर लीजिये.

कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये. गुलाब जामुन तलने से पहले टैस्ट कर सकते हैं(एक गुलाब जामुन को घी में डाल कर तलें यदि गुलाब जामुन घी में फट रहा है, तब गुलाब जामुन के मावा में थोड़ा मैदा और मिलायें).

3-4 गोले, कढ़ाई में डालें और तलें ( गैस की फ्लेम धीमी रखें. गुलाब जामुन को तलते समय उस पर कलछी न लगायें बल्कि गरम गरम घी उसपर कलछी से डालें और ब्राउन होने के बाद हल्के से हिला हिला कर तलें,  गुलाब जामुन के चारों तरफ ब्राउन होने तक तल लीजिये.  तले गुलाब जामुन कढ़ाई से निकाल कर प्लेट में रखिये.  थोड़ा ठंडा होने पर, 2 मिनिट बाद  चाशनी में डुबा दीजिये.  इसी तरह सारे मावा के गोल गोल गुलाब जामुन बनाकर, तल कर चाशनी में डाल कर डुबा दीजिये.

चाशनी बनाने का तरीका
एक बर्तन में चीनी में, 300 ग्राम पानी (चीनी की मात्रा का आधा पानी) मिलाकर आग पर चाशनी बनने के लिये रखिये.

चाशनी में जब उबाल आ जाय, चीनी पानी में घुल जाय उसके बाद 1-2 मिनिट तक और पकायें. चाशनी के घोल से लेकर 1-2 बूंद प्लेट में टपकायें. अंगूठे और अंगुली के बीच चिपका कर देख लीजिए, चाशनी उंगली और अंगूठे के बीच चिपकनी चाहिये, आधा तार की चाशनी यानि कि तार बहुत ही कम दूरी तक बने, चाशनी को ठंडा करके, छान लीजिये.

तले हुये गुलाब जामुन (Gulab Jamun) को इस चाशनी में डाल दीजिये. 1-2 घंटे में गुलाब जामुन मीठा रस सोखकर मीठे और स्वादिष्ट हो जायेंगें.

गुलाब जामुन तैयार हैं. इन्हें गरम गरमा या ठंडे परोसिये और खाइये.

नोट:

    1. यदि गुलाब जामुन घी में फट रहे हों या फिर ज्यादा नरम हों तो थोडा सा मैदा मावा के आटे में मिलाकर अच्छी तरह मल लें.
    2. यदि गुलाब जामुन ज्यादा सख्त बन रहे हों तो मावा के आटे में थोड़ा सा ( 1-1 1/2 टेबल स्पून ) दूध मिलाकर अच्छी तरह मल लें.
    3. अधिक गरम चाशनी में गुलाब जामुन मत डालिये.

Sunday, 27 November 2016

बेसन और आटे के लड्डू - Atta besan Ladoo - Wheat and chickpea flour laddu

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Atta Besan Ladu

    बेसन - ¾ कप (100 ग्राम)
    गेहूं का आटा - ¾ कप (100 ग्राम)
    बूरा - 1.5 कप (225 ग्राम)
    घी - 1 कप (200 ग्राम)
    खरबूजे के बीज - 2 टेबल स्पून
    गोंद - 1 टेबल स्पून
    काजू – 8 से 10
    बादाम – 8 से 10
    इलायची – 6 से 7

विधि - How to make Atta besan Ladoo


बेसन और आटे के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले इन दोनों सामग्री को भून लीजिए. इसके लिए, पैन में घी डाल कर अच्छे से पिघला लीजिए, घी के पिघल जाने पर इसमें बेसन और गेहूं का आटा डाल दीजिए. इन्हें लगातार चलाते हुए अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक हल्की मध्यम आंच पर भून लीजिए.

जब मिश्रण से घी अलग होने लगे और यह अच्छा गोल्डन ब्राउन दिखने लगे, मिश्रण भुनकर तैयार है, तब गैस बंद कर दीजिए. मिश्रण को थोड़ी देर और चलाते रहिए ताकि यह तले पर लग न जाएं क्योंकि कड़ाई गरम है. मिश्रण को प्याले में निकाल लीजिए जिससे यह जल्दी ठंडा हो सके.

काजू और बादाम को बारीक-बारीक छोटे टुकड़ों में काट कर तैयार कर लीजिए. इलाइची को छीलकर के इसके दानों का पाउडर बना लीजिए.

पैन में गोंद भून लीजिए. इसके लिए, पैन में बचा हुआ घी डालकर गरम कीजिए. घी के हल्का गरम होने पर इसमें गोंद डाल दीजिए और एकदम धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए गोंद को भून लीजिए. जैसे ही गोंद फूल कर हल्की ब्राउन होने लगे वैसे ही इसे प्लेट में निकाल लीजिए.

पैन में बचे हुए घी में कटे हुए काजू और बादाम डाल दीजिए और हल्का सा भून लीजिए. मेवों को भुन जाने के बाद गोंद वाली प्लेट में ही निकाल लीजिए. इसके बाद पैन में खरबूजे के बीच डाल दीजिए और इनके रंग में हल्का सा बदलाव आने तक और फूलने तक भून लीजिए. खरबूजे के बीज भूनते समय एक थाली पैन के ऊपर रख लीजिए ताकि बीज छिटक कर बाहर न गिरें. बीजों के अच्छे से भुन जाने पर गैस बंद कर दीजिए और इन्हें भी उसी प्लेट में निकाल लीजिए.

इन सभी चीजों को भुने हुए आटे-बेसन के मिश्रण में डालकर मिला लीजिए. सभी सामग्री के अच्छे से मिलने तक मिक्स करते रहिए. मिश्रण के हल्का ठंडा हो जाने पर इसमें बूरा और इलाइची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लीजिए.. बूरा मिलाते वक्त मिश्रण न ज्यादा गरम होना चाहिए और न ही ज्यादा ठंडा. सभी सामग्री को अच्छे से मिक्स होने तक मिलाते रहिए. सारी चीजों के एकसार हो जाने पर लड्डू बनाने के लिए मिश्रण तैयार है.

मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ से उठाइये और दोंनो हाथों से दबा-दबा कर गोल लड्डू बना कर तैयार कर लीजिये, अगर लड्डू बांधने में सूखे लग रहे हों, तो थोड़ा और घी पिघला कर मिश्रण में मिला सकते है. एक-एक लड्डू बनाकर प्लेट में रखते जाइये और सारे लड्डू इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिए.

बेसन और आटे के स्वादिष्ट लड्डू तैयार है, लड्डू के अच्छे से ठंडा हो जाने पर इनको एअर टाइट डिब्बे में भर कर रख लीजिये और 4 से 5 माह तक चाव से खाइए.

सुझाव

    लड्डू बनाने के लिए मोटे बेसन का इस्तेमाल कीजिए, इससे लड्डू अच्छे बनते हैं.
    गोंद को बिल्कुल धीमी आंच पर फूलने तक तलिए, तेज आंच पर फ्राय होने पर ये अंदर से कच्चे रह जाते है और खाने में मुंह में चिपकते भी है
    आप मेवों की मात्रा अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
    अधिक गरम आटे में कभी भी बूरा नही मिलाना चाहिए क्योंकि यह पिघल जाता है.
    16 लड्डू बनाने के लिए पर्याप्त